Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय हुआ जब मुखानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर में निर्माणाधीन एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की छत अचानक गिर गई। इस दुर्घटना में दो मजदूर मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सिटी एसपी प्रकाश चंद्र के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर डाले गए लेंटर की शटरिंग हटाई जा रही थी। शटरिंग हटाते ही छत भरभराकर नीचे गिर गई और दो मजदूर उसके नीचे दब गए।
मलबे में दबे मजदूरों की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी जाहिद और इकराम के रूप में की गई है। दोनों मजदूरों को तुरंत मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। बताया गया कि लेंटर पूरी तरह सेट नहीं हुआ था, इसके बावजूद शटरिंग हटाई जा रही थी, जिससे यह दुर्घटना हुई।
एसपी सिटी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की टीम भी जांच में जुट गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। प्रशासन ने सभी निर्माण स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

