Rudraprayag: गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से पांच यात्री खाई में जा गिरे। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना पहाड़ी पर भूस्खलन के कारण हुई। स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से प्री-मानसून की बारिश जारी है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। मौसम विभाग ने पहले ही 19 जून को राज्य के कई जिलों में तेज गर्जना और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की थी। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भारी बारिश को लेकर विशेष अलर्ट भी जारी किया गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा अन्य पहाड़ी जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने 23 जून तक प्रदेश में इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना जताई है और यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

