Headlines

Haldwani: कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी का ताबड़तोड़ जनसंपर्क, भाजपा पर आरोप, सुमित हृदयेश ने साधा निशाना

Haldwani: कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी का ताबड़तोड़ जनसंपर्क, भाजपा पर आरोप, सुमित हृदयेश ने साधा निशाना
शेयर करे-

 Haldwani: हल्द्वानी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने अपने प्रचार अभियान को नई रफ्तार देते हुए वार्ड 48 मल्ली बमौरी, सिविल न्यायालय, राजपुरा, रामपुर रोड और मंगल पड़ाव सब्जी मंडी सहित कई क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने जनता से मुलाकात कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की और भाजपा पर धर्म और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया। जोशी ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों और धर्मों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और विकास उनकी प्राथमिकता है।

डहरिया क्षेत्र में प्रचार सामग्री बांटने में बाधा उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए जोशी ने प्रशासन से जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी चुनावी यात्रा राजनीति से परे जनसेवा पर आधारित है, और जनता का भरोसा ही उनकी ताकत है। राजपुरा क्षेत्र में जनसैलाब देखकर गदगद जोशी ने हल्द्वानी के समग्र विकास और इसे प्रदेश का आदर्श नगर बनाने का सपना साझा किया। उन्होंने युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, डॉक्टरों और व्यापारियों की एक समिति बनाने की घोषणा की, जो शहर के विकास के लिए सुझाव देगी।

वहीं, कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने 10 सालों में विकास के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन सड़कों के नीचे गैस पाइपलाइन तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने भाजपा पर धर्म आधारित राजनीति करने और विकास के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। सुमित ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी विकास किया है और ललित जोशी को मेयर बनाकर जनता हल्द्वानी के उज्जवल भविष्य की नींव रखेगी।

इस जनसभा में कांग्रेस के कई नेता, पार्षद प्रत्याशी और सैकड़ों समर्थक शामिल हुए, जिन्होंने एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान में जनता का उत्साह कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Haldwani

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *