Haldwani: हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का भ्रमण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अस्पताल में स्थापित की गई आधुनिक कैथ लैब कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों के इलाज के लिए अब मरीजों को बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। उन्होंने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे को उन्होंने लगातार सदन में उठाया, ताकि कुमाऊं की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही सुलभ हों।
हालांकि विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में कैथ लैब के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं है, जिसके कारण यह सुविधा पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों और शासन स्तर पर वार्ता की जा रही है तथा जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित कर कैथ लैब का पूर्ण संचालन शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध हैं तथा जनता की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस दौरान पार्षद रवि जोशी, हेमंत शर्मा, मोहन बिष्ट, मोनू पांडे, दिवेश तिवारी, एडवोकेट धर्मवीर, देवेन्द्र नेगी, वसीम डैनी, मोहम्मद गुफरान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
