Headlines

Haldwani: गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, नैनीताल पुलिस ने दो और आरोपी गिरफ्तार कर 1.40 लाख की लूटी नकदी समेत 2 तमंचे व वरना कार की बरामद।

Haldwani: गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, नैनीताल पुलिस ने दो और आरोपी गिरफ्तार कर 1.40 लाख की लूटी नकदी समेत 2 तमंचे व वरना कार की बरामद।
शेयर करे-

Haldwani- गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हुई हथियारबंद डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने दो और शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार और लूटी गई 1.40 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में वादी नारायण दास, निवासी अंबा बिहार, तीनपानी, हल्द्वानी ने तहरीर देकर बताया कि KIA शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डालकर करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूट ली थीं।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत 10 अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 50 अधिकारी और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित विभिन्न थाना प्रभारी, SOG, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञ शामिल रहे।

घटनास्थल पर BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को दूसरे राज्यों में भी दबिश के लिए भेजा गया।

इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

दोनों आरोपियों से यह हुई बरामदगी

साहब सिंह उर्फ साबी (27) के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई रकम में से 89,700 रुपये और घटना में प्रयुक्त वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद हुई।

वहीं गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26) के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और लूटी गई रकम में से 50,300 रुपये बरामद किए गए।

इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक साहब सिंह उर्फ साबी के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गुरवंत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ थाना नानकमत्ता में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

Haldwani: गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा, नैनीताल पुलिस ने दो और आरोपी गिरफ्तार कर 1.40 लाख की लूटी नकदी समेत 2 तमंचे व वरना कार की बरामद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *