Haldwani: कुमाऊं के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान सुशीला तिवारी अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद एहतियातन एमबीबीएस से लेकर एमडी और एमएस तक की सभी शैक्षणिक कक्षाएं तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गईं।
प्रिंसिपल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ईमेल मिलते ही पुलिस प्रशासन को सूचित कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। छात्रावास, लैब, लाइब्रेरी और मुख्य भवन की बारीकी से जांच की जा रही है।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक सुरक्षा एजेंसियां परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर देतीं, तब तक नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से कॉलेज परिसर में न आने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस की साइबर सेल टीम ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे शरारत या सनसनी फैलाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है, हालांकि प्रशासन किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
गौरतलब है कि 19 फरवरी को नैनीताल हाईकोर्ट सहित देहरादून, नैनीताल, चंपावत, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा की जिला अदालतों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद प्रदेशभर में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
