Headlines

Haldwani: मीडिया सेंटर हल्द्वानी में स्व. गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में शोकसभा, मुख्यमंत्री धामी ने व्यक्त की गहरी संवेदना

Haldwani: मीडिया सेंटर हल्द्वानी में स्व. गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में शोकसभा, मुख्यमंत्री धामी ने व्यक्त की गहरी संवेदना
शेयर करे-

Haldwani: जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने स्व. जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि स्व. जोशी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस घटना से बेहद आहत हैं।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का निधन सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। भले ही वे आज इस संसार में नहीं हैं, लेकिन अपने कार्यों, व्यवहार और सरल व्यक्तित्व से उन्होंने जो पहचान बनाई, वह हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम और उनके कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा।

नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए। पत्रकारों ने कहा कि सूचना एवं मीडिया के क्षेत्र में उनके योगदान और सेवाओं को देखते हुए यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाली पीढ़ियों तक स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से विचार-विमर्श किया जाएगा और सर्वसम्मति से आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित समस्त पत्रकारगण तथा सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *