Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी की विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण कर तकनीकी संसाधनों, ऑनलाइन सेवाओं और जनसुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान साइबर सेल, डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ, फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, टेक्निकल सेल, सूचना सेल, मोबाइल ऐप शाखा, सिटी कंट्रोल रूम और सीसीटीवी यूनिट की कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया गया।
एसएसपी ने साइबर सेल और फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट को ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और रिकवरी रेट बढ़ाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भ्रामक सूचनाओं पर लगातार नजर रखने और डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिकायत प्रकोष्ठ और मोबाइल ऐप शाखा में आम जनता की शिकायतों के निस्तारण और डिजिटल सेवाओं की सुगमता की समीक्षा करते हुए मोबाइल रिकवरी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं सिटी कंट्रोल रूम और सीसीटीवी यूनिट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, 24×7 सतर्कता बनाए रखने तथा PA सिस्टम की प्रभावशीलता सुधारने पर जोर दिया गया।
टेक्निकल सेल और सूचना सेल में विभिन्न पोर्टल और सॉफ्टवेयरों के संचालन की जांच करते हुए सभी ऑनलाइन प्रविष्टियों को समय पर अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। डीसीआरबी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध रजिस्टर, गुमशुदगी रिकॉर्ड और अन्य पत्रावलियों का निरीक्षण कर लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जन-हितैषी पुलिसिंग अपनाने, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर स्मार्ट और पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
