Haldwani: मिशन ड्रग फ्री देवभूमि 2025 के तहत नशे की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 162.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर के पास टीम ने चेकिंग के दौरान तस्लीम खान (36) निवासी रोहनिया, थाना बहेड़ी, जिला पीलीभीत और राशिद खान (25) निवासी परेवा वैश्य, थाना जहानाबाद, जिला पीलीभीत को दबोचा। दोनों आरोपियों के पास से क्रमशः 89.67 ग्राम और 72.47 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह स्मैक शीशगढ़, बरेली (उत्तर प्रदेश) से हल्द्वानी में तस्करी के लिए लाए थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
