Haldwani: हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य एक बार फिर तेज़ी से आगे बढ़ गया है। बुधवार को गौला पुल से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध निर्माण तोड़े गए, जबकि कुछ हिस्सों में अभी अतिक्रमण हटाया जाना शेष है। प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों और भवन स्वामियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे कल तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा जेसीबी से कार्रवाई की जाएगी। इस पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन को आश्वासन दिया है कि वे एक दिन के भीतर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा देंगे।
सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। गौला पुल से नरीमन चौराहे तक अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के कारण कार्य बाधित था। इसे हटाने के लिए दोबारा अभियान चलाया गया है, ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य बिना किसी रुकावट के समय पर पूरा किया जा सके।


Chief Editor, Aaj Khabar
