Haldwani: एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर नैनीताल पुलिस ने चंदन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने शातिर चंदन चोर को चोरी की गई कीमती चंदन की लकड़ी के साथ गिरफ्तार किया है।
दिनांक 20 जनवरी 2026 को वादी श्री उमेश चन्द्र डालाकोटी, निवासी डालाकोटी कंपाउंड रामपुर रोड हल्द्वानी, द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई थी कि उनके कंपाउंड से अज्ञात चोर द्वारा चंदन का पेड़ काटकर उसके कीमती हिस्से चोरी कर लिए गए हैं। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 24/26, धारा 305A बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बैरियर चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान टांडा बैरियर पर अभियुक्त को उसकी नीले रंग की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल संख्या UK04 AQ 7350 के साथ रोका गया। तलाशी में चोरी की गई चंदन की लकड़ी के छह टुकड़े बरामद हुए, जिसके बाद अभियुक्त को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इन्द्रजीत राय पुत्र परमत राय, निवासी गांधीनगर वार्ड संख्या 01 थाना दिनेशपुर जिला ऊधम सिंह नगर, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पूर्व में गदरपुर और दिनेशपुर थानों से चोरी एवं अवैध हथियार के मामलों में जेल जा चुका है। जेल में उसकी पहचान कमल उर्फ कोमल ढाली से हुई थी, जो चंदन तस्करी के मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। दोनों ने मिलकर रात्रि में हल्द्वानी पहुंचकर रामपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में मंदिर के पीछे लगे चंदन के पेड़ को काटा। चोरी के दौरान आवाज से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की तार भी काट दी गई थी। लकड़ी को छोटे टुकड़ों में काटकर बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
उपनिरीक्षक गौरव जोशी,
कांस्टेबल संतोष बिष्ट,
कांस्टेबल भूपाल सिंह।

Chief Editor, Aaj Khabar
