Headlines

विंटर कार्निवाल व नववर्ष 2026 से पहले नैनीताल पुलिस की यातायात व्यवस्था सख्त।

विंटर कार्निवाल व नववर्ष 2026 से पहले नैनीताल पुलिस की यातायात व्यवस्था सख्त।
शेयर करे-

नैनीताल। नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध नजर आ रही है। आगामी विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव, क्रिसमस पर्व, 31 दिसंबर तथा नववर्ष 2026 के अवसर पर लाखों पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं।

सरोवर नगरी नैनीताल पूरी तरह से सज चुकी है और पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। ऐसे में शहर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

निर्माण सामग्री से सड़क अवरुद्ध करने पर सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा पूर्व में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नैनीताल, कैंचीधाम और भवाली क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करने तथा सड़क पर रखी गई निर्माण सामग्री को तुरंत हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

इन निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 21 दिसंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल हेम चंद्र पंत के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान सड़क पर बजरी और रेता फैलाकर यातायात बाधित करने वाले 04 ठेकेदारों/भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के अंतर्गत कुल 40,000 रुपये के चालान किए गए।

सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी चला पुलिस का डंडा

नैनीताल शहर के व्यस्ततम इलाकों मॉल रोड और पोस्ट ऑफिस रोड पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 13 वाहनों का चालान कर 6,500 रुपये का संयोजन शुल्क जमा कराया।

इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 03 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

पर्यटकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

नैनीताल पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जिले में आने वाला हर पर्यटक सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव लेकर लौटे, यही पुलिस की प्राथमिकता है। नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवरोध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने ठेकेदारों, भवन स्वामियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर किसी भी प्रकार की सामग्री न रखें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे।

नैनीताल पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों और नववर्ष के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस जनपद में आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विंटर कार्निवाल व नववर्ष 2026 से पहले नैनीताल पुलिस की यातायात व्यवस्था सख्त।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *