Haldwani: उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधूरे सड़क खुदान, जल निकासी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पहले पुरानी खुदाई वाले कार्य पूरे किए जाएं, उसके बाद ही नई सड़कों की खुदाई की जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर के विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से विभिन्न विभागों के माध्यम से शहर का व्यापक विकास कराया जा रहा है, जिससे हल्द्वानी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
मानसून को देखते हुए मंत्री ने सड़क खुदाई वाले सभी स्थलों पर जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्या रोकने के लिए नालों की सफाई, डिसिल्टिंग, अवरोध हटाने, पंपिंग व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही फुटपाथ और सड़कों से अतिक्रमण हटाकर वेंडिंग जोन निर्धारित करने को भी कहा।
उन्होंने नगर आयुक्त को प्रत्येक सप्ताह विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने और नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे हो सकें।
बैठक के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने एडीबी के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। काठगोदाम के कालटेक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन परियोजनाओं की गुणवत्ता जांचते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जमरानी बांध परियोजना की नहर की सुरक्षा कवरिंग का प्रस्ताव शासन को भेजने और निर्माण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक एवं घेराबंदी सुनिश्चित करने को कहा।


Chief Editor, Aaj Khabar
