Headlines

Haridwar: रुड़की में 2 करोड़ की हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, 980 ग्राम ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद

Haridwar: रुड़की में 2 करोड़ की हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, 980 ग्राम ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक कार में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे ड्रग नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंगनहर कोतवाली पुलिस लाठरदेवा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई पन्नी से 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरण तारण (पंजाब) के रूप में बताई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के इरादे से आया था।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बरामद हेरोइन की कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन किससे खरीदी गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में शामिल अन्य तस्करों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *