Headlines

Haridwar: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से गाजियाबाद के दो शिवभक्तों की मौत

Haridwar: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से गाजियाबाद के दो शिवभक्तों की मौत
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी लोहे के गाटर के गिरने से गाजियाबाद निवासी दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कांवड़ यात्रा की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा (22) और तनुज कुमार, दोनों मोदीपुरम गाजियाबाद के निवासी थे और कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ देर विश्राम करने के लिए निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रुके थे। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर उनके ऊपर आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पास से गुजर रहे तेज आवाज वाले डीजे की कंपन के कारण गाटर खिसक गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व राहत टीम ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतकों के साथ यात्रा कर रहे अन्य कांवड़ियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर किस परिस्थिति में रखा गया था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *