Haldwani: नैनीताल पुलिस ने बुजुर्ग महिला से झपटमारी की सनसनीखेज घटना का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कान का कुंडल भी बरामद कर लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी बुजुर्ग सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। मामले में थाना मुखानी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कत्याल को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। मैन्युअल एवं टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दोनों की पहचान की गई। शनिवार, 1 अगस्त 2026 को रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22) और सूरज जोशी (20), निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अजय के कब्जे से लूटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ बदायूं में पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले का सफल अनावरण करने वाली मुखानी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
