Haridwar: हरिद्वार में कांवड़ मेले के चौथे दिन रविवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से देर रात तक लाखों शिवभक्त पवित्र गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होते रहे। रविवार को अकेले 31 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर यात्रा शुरू की, जबकि मेले की शुरुआत से अब तक कुल 76 लाख 85 हजार से अधिक कांवड़िए विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
कांवड़ पटरी मार्ग के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही देखने को मिली। धर्मनगरी में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में कांवड़ यात्रियों की संख्या करोड़ों तक पहुंच सकती है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, 2 अगस्त की शाम छह बजे तक 76.85 लाख से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर रवाना हो चुके हैं। अगले दो दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ पटरी मार्ग, प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मेला कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जा रही है और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हाल के दिनों में हुए दो बड़े हादसों के बाद प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और यात्रा के दौरान केवल तय मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
इस बीच रविवार को बागपत से आए शिवभक्त 251 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी तिरंगा कांवड़ लेकर हरिद्वार से रवाना हुए। आकर्षण का केंद्र बनी इस विशेष कांवड़ के माध्यम से श्रद्धालुओं ने राष्ट्रभक्ति और नशामुक्ति का संदेश भी दिया।



Chief Editor, Aaj Khabar
