Uttarakhand: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार, 3 अगस्त को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार रुक-रुककर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश कम होने से उमस और गर्मी का असर बना हुआ है।
रविवार को देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिला। मौसम विभाग ने लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
