Mussoorie: देहरादून-मसूरी मार्ग पर मसूरी झील से पहले कब्रिस्तान के मुख्य गेट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को देहरादून स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो संख्या UP 14 GH 0248 में सवार सभी युवक मसूरी घूमने के बाद देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान कब्रिस्तान के मुख्य गेट के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में घायल युवक
- चिराग त्यागी, 21 वर्ष, निवासी मडौला, गाजियाबाद
- अभिषेक त्यागी, 22 वर्ष, निवासी रुहाणा, मुजफ्फरनगर
- यश, 20 वर्ष, निवासी मडौला, गाजियाबाद
- हनी त्यागी, 21 वर्ष, निवासी मडौला, गाजियाबाद
- उज्जवल त्यागी, 20 वर्ष, निवासी मडौला, गाजियाबाद

Chief Editor, Aaj Khabar
