Headlines

Nainital: हल्द्वानी नैनीताल मार्ग पर चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित, आयुक्त दीपक रावत ने मौके से संभाला मोर्चा

Nainital: हल्द्वानी नैनीताल मार्ग पर चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित, आयुक्त दीपक रावत ने मौके से संभाला मोर्चा
शेयर करे-

Nainital: हल्द्वानी-नैनीताल सड़क मार्ग पर वल्दियाखान क्षेत्र में रविवार दोपहर चीड़ का विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके से ही फोन कर पेड़ हटाकर यातायात जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आयुक्त दीपक रावत ने सड़क पर फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेड़ हटाकर यातायात सुचारू कर दिया जाएगा।

इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए चेतावनी दी कि इस तरह की जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपदा या सड़क अवरोध जैसी स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें और जोखिम उठाकर आगे बढ़ने का प्रयास न करें।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *