Roorkee: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित होने की सूचना फैलते ही मौके पर मौजूद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार को घेरकर उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी।
घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष कांवड़ यात्रा से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
