Headlines

Haldwani: तीनपानी में चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Haldwani: तीनपानी में चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शेयर करे-

Haldwani: तीनपानी क्षेत्र में युवक पर चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई पतारसी के आधार पर आरोपियों को 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को तीनपानी निवासी यमन प्रकाश ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि शनि मंदिर के पास सोनकर फार्म, तीनपानी मंडी के निकट गौरव महतोलिया, सौरभ महतोलिया और सचिन महतोलिया ने उसके और उसके भाई के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने उसके भाई पर चापड़ और छुरे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 256/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर एएसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई के दौरान गौरव महतोलिया और सचिन महतोलिया को 31 जुलाई को मंगलपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार चल रहे सौरभ महतोलिया को 1 अगस्त को भोटियापड़ाव टैक्सी स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया।

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों, पीड़ित और आरोपियों के बयानों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) भी बढ़ाई गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *