Headlines

Haldwani: चांफी में नदी बनी काल, हल्द्वानी के 19 वर्षीय छात्र की डूबने से दर्दनाक मौत

Haldwani: चांफी में नदी बनी काल, हल्द्वानी के 19 वर्षीय छात्र की डूबने से दर्दनाक मौत
शेयर करे-

Haldwani: गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने की जिद एक 19 वर्षीय छात्र के लिए जानलेवा साबित हुई। भीमताल से करीब 10 किलोमीटर दूर चांफी क्षेत्र में रविवार को गहरे पानी में डूबने से हल्द्वानी निवासी छात्र आदित्य पाठक (19) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बमोरी निवासी आदित्य पाठक पुत्र दीपक पाठक अपने सात दोस्तों के साथ चांफी घूमने गया था। सभी युवक वहां स्थित गधेरे में नहाने उतरे थे। इसी दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आदित्य को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि आदित्य भीमताल के एक निजी कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में उसके साथ मौजूद युवकों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी, गधेरे और झरनों में नहाने से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है। प्रशासन ने प्रतिबंधित और जोखिम वाले जलस्रोतों से दूर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *