Headlines

Haldwani: SIR अभियान में प्रपत्रों की कालाबाज़ारी पर भड़के विधायक सुमित हृदयेश, प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

Haldwani: SIR अभियान में प्रपत्रों की कालाबाज़ारी पर भड़के विधायक सुमित हृदयेश, प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
शेयर करे-

Haldwani:  निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों से अवगत कराया। उन्होंने अभियान के दौरान दस्तावेजों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रम दूर करने तथा प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कई नागरिक आवश्यक जानकारी के अभाव में परेशान हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से समयबद्ध और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपने आवश्यक कार्य पूरे कर सके।

उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट का ध्यान तहसील परिसर में SIR से जुड़े प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी की ओर भी आकर्षित किया। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर प्रपत्र बेच रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और प्रभावी निगरानी की मांग की।

सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े किसी भी दस्तावेज़ का दुरुपयोग या उससे अनुचित लाभ कमाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम रहे, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, बीएलए-1 मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, धर्मवीर, गोविंदी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मो. गुफरान, शैलेंद्र दानू सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *