Nainital: नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने चलती कार की खिड़कियों पर लटककर स्टंटबाजी और रील बनाने वाले लखनऊ के पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसके शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी मिली, जिसे मौके पर ही हटवा दिया गया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का भारी चालान किया गया।
घटना नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग की है, जहां पर्यटक चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर वीडियो बना रहे थे। यह करतूत न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी दांव पर लग रही थी। सूचना मिलते ही मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर कार्रवाई की।
पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे। पुलिस ने सभी पर्यटकों को भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत दोबारा न करने की सख्त चेतावनी दी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नैनीताल आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन पर्यटन के नाम पर स्टंटबाजी और हुड़दंगबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में भारी चालान के साथ वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
