Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने किया गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई 8 लाख की सनसनीखेज डकैती का खुलासा, दो नकाबपोश बदमाश गिरफ्तार

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने किया गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई 8 लाख की सनसनीखेज डकैती का खुलासा, दो नकाबपोश बदमाश गिरफ्तार
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज डकैती का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले में दो नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई धनराशि, अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

19 अगस्त 2026 की शाम डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10 से 12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी हल्द्वानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने किया शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय और गैराज में घुसकर डकैती की। बदमाश करीब 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूटकर फरार हो गए।

मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। इसमें थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच के दौरान दो संदिग्धों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह के नाम सामने आए, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किच्छा निवासी यश सिडाना के लाखों रुपये जुए में हारने और आर्थिक तंगी के चलते डकैती की योजना बनाई गई थी। आरोपियों को जानकारी मिली थी कि गोरापड़ाव स्थित कार्यालय में बड़े स्तर पर जुआ खेला जाता है। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को साथ लेकर घटनास्थल की रेकी की और योजनाबद्ध तरीके से नकाब पहनकर हथियारों के बल पर डकैती को अंजाम दिया।

वारदात के बाद आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांट ली और पुलिस से बचने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए, ताकि डिजिटल फुटप्रिंट न मिल सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार अपराध को संगठित तरीके से अंजाम देने के संबंध में बीएनएस के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी, जिनमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है।

गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू निवासी सितारगंज, उधम सिंह नगर और 28 वर्षीय रखवीर सिंह निवासी शीशगढ़, बरेली शामिल हैं। आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने डकैती कांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *