Haldwani: हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार देर रात जिलाधिकारी वंदना ने तिकोनिया से गौलापार स्टेडियम तक समापन समारोह की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग में मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मंच निर्माण की जानकारी नगर आयुक्त से ली। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह का सजीव प्रसारण अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर लगाई जा रही एलईडी स्क्रीन समय पर स्थापित कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने मार्ग में लगाए जा रहे होर्डिंग्स और प्रचार सामग्री का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा, गौलापार में आगंतुकों के वाहनों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया, जहां पेयजल, विद्युत और मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समारोह स्थल पर बनाए जा रहे मंच और दर्शक दीर्घा का भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने इवेंट प्रबंधन टीम को निर्देश दिए कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था हो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय संस्कृति की झलक अवश्य दिखे।
जिलाधिकारी ने समापन समारोह की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों और इवेंट प्रबंधन टीम को निर्देश दिया कि समारोह को भव्य और यादगार बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, इवेंट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
