Haldwani: उत्तरायणी मेला शोभा यात्रा के आयोजन को लेकर 14 जनवरी 2026 को हल्द्वानी शहर में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह डायवर्जन प्रातः 10:00 बजे से शोभा यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। शोभा यात्रा उत्थान मंच हीरानगर से प्रारंभ होकर जेल रोड, कालाढूंगी तिराहा, रोडवेज चौराहा, तिकोनिया, वर्कशॉप लाइन, ताज चौराहा, मीरा मार्ग, सिंधी चौराहा होते हुए पुनः उत्थान मंच हीरानगर पर समाप्त होगी।
शोभा यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी बायपास मार्गों का प्रयोग करना होगा। उत्तराखंड रोडवेज, केमू, सिडकुल और वोल्वो बसों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
रामपुर, बरेली, रुद्रपुर, कालाढूंगी और पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को गौलापार रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, आरटीओ रोड, नारीमन तिराहा और लालडांठ जैसे वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। शोभा यात्रा के गुजरने के दौरान कई प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, अनावश्यक रूप से शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि उत्तरायणी मेला शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
