Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पुलिस ने जाली नोटों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 169 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 84,500 रुपये है, बरामद किए हैं। मामले में पुलिस अब पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रविवार रात नगर कोतवाली पुलिस मेला अस्पताल क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे घबराकर भागने लगे, लेकिन टीम ने टिबड़ी तिराहे के पास चारों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 रुपये के 169 जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) के एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये असली नकद देकर एक लाख रुपये की नकली करेंसी खरीदी थी। उनका उद्देश्य हरिद्वार के बाजारों में इन नोटों को चलाकर मोटा मुनाफा कमाना था। पुलिस के मुताबिक कुछ नकली नोट आरोपियों द्वारा पहले ही बाजार में खपाए जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह (58), टिंकू (29), सुमित कुमार (20) और संजीव कुमार (47) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गोपनीय जांच जारी है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी और पूरे सिंडिकेट का खुलासा करने के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
