Ramnagar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत सोमवार को रामनगर विकासखंड सभागार में स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 27 विभागों ने एक ही मंच पर अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाया।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने की अपील की।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने एक अनूठी पहल करते हुए वर्ष 2016 और 2018 से न्यायालय में लंबित तीन मामलों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही न्यायालय लगाकर की और तीनों प्रकरणों का मौके पर ही विधिसम्मत निस्तारण कराया। इसे शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना गया।
शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। भूमि विवाद, सड़क मरम्मत, जल निकासी, विरासत, पेयजल, सिंचाई और अवैध अतिक्रमण जैसे मामलों पर अधिकारियों ने मौके पर सुनवाई की। झूठे शपथ पत्रों के आधार पर सरकारी अनुमति प्राप्त करने के मामलों में एडीएम ने सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल और कृषि समेत 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी, आवेदन स्वीकार किए और कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति, रामनगर के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। जिला सूचना विभाग ने भी विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
