Haldwani: हल्द्वानी में ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र के गन्ना सेंटर के पास शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यूपी रोडवेज मुरादाबाद डिपो की बस और टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार यूपी 78 केटी 4869 नंबर की रोडवेज बस हल्द्वानी से रामपुर की ओर जा रही थी, जबकि यूके 04 ईए 5242 नंबर की टाटा मैजिक रुद्रपुर से सवारियों को लेकर हल्द्वानी आ रही थी। जैसे ही टाटा मैजिक गन्ना सेंटर के पास पहुंची, चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे सामने से आ रही बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में बैठे सभी यात्री घायल हो गए।
घायलों में कुंती देवी (55), विंदास (32), ललिता पांडे (26), बुद्धि सेन (40), बबलू मौर्या (19), सरोज (32), गायत्री आर्या (22), सरिता आर्या (23), मीना (31), मनीष (11), दिव्यांशी (2) और चालक चिरनजीत (32) शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बस चालक सवारियों को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है और मामले की जांच जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
