Haldwani: काठगोदाम निवासी प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रीपर्णा जोशी ने “विश्व अंडर-21 जुजित्सु चैंपियनशिप-2025” के लिए भारतीय टीम में चयनित होकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। बैंकॉक में 11 से 15 नवंबर तक होने वाली इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में वह -52 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में वरिष्ठ कोच विनय कुमार जोशी के मार्गदर्शन में वह पिछले चार वर्षों से निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी खेल प्रतिभा और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की उपलब्धियों के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है।
जुजित्सु ऐसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने बताया कि इस चैंपियनशिप में भारत के दस खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि कुल 58 देशों के 600 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।
एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में अंग्रेजी विषय से स्नातकोत्तर कर रहीं श्रीपर्णा की इस उपलब्धि पर पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक सुमित हृदयेश सहित कई खेल अधिकारी, संघ प्रतिनिधि व खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
