Haldwani: वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए हल्द्वानी न्यायालय परिसर में उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण एवं सुरक्षा ऑडिट किया गया। निरीक्षण में मा० जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी, अपर जिला जज सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय तथा एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल शामिल रहे।
अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए प्रवेश-निकास व्यवस्था, तैनात पुलिस बल, उपकरणों की उपलब्धता तथा समन्वय तंत्र की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में न्यायालय परिसर की समग्र सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर विस्तार से मंथन किया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित की जाएगी। यह टीम एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में कार्य करेगी।
गठित टीम में न्यायालय परिसर के नामित प्राधिकारी, अभिसूचना इकाई के अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन को शामिल किया गया है। टीम आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नियमित समीक्षा करेगी और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जनपद की समस्त पुलिस फोर्स को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उच्च सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
नैनीताल पुलिस ने दोहराया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बनाए रखने हेतु वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Chief Editor, Aaj Khabar
