Headlines

Champawat: चंपावत में गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटा वन विभाग

Champawat: चंपावत में गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटा वन विभाग
शेयर करे-

Champawat: जनपद में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस, एसओजी और वन विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। चल्थी पुलिस चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2002) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर चल्थी पुल की ओर से आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ईश्वर राम उर्फ दीपक (43 वर्ष), पुत्र लछराम, निवासी तल्ली खटोली, चौकी चल्थी, थाना/जिला चंपावत को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से गुलदार की एक खाल बरामद हुई। मौके पर मौजूद एसओजी, पुलिस चौकी चल्थी और वन विभाग की टीम ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बरामद खाल समेत अभियुक्त को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।

वन रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि जनपद में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके संभावित नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन्यजीव तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि बीते माह उधम सिंह नगर जिले में भी बड़ी कार्रवाई सामने आई थी। पुलभट्टा थाना पुलिस ने यूपी-उत्तराखंड के बहेड़ी बॉर्डर से कछुओं की तस्करी करते हुए दो महिला तस्करों समेत चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से 91 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए थे, जिन्हें वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया था। इस प्रकरण में भी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जनपद चंपावत में हुई ताजा कार्रवाई से स्पष्ट है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *