Headlines

Haldwani: कालाढूंगी फायरिंग कांड का खुलासा, नैनीताल पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा और अवैध असलहे किए बरामद

Haldwani: कालाढूंगी फायरिंग कांड का खुलासा, नैनीताल पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा और अवैध असलहे किए बरामद
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में हुए फायरिंग प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

घटना 14 फरवरी 2026 की रात्रि की है, जब डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच आपसी झगड़ा हुआ और फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वीडियोग्राफी कराई गई और मौके से खोखे बरामद किए गए।

इस संबंध में 16 फरवरी 2026 को वादिनी बलजीत कौर निवासी बच्चीनगर, थाना कालाढूंगी द्वारा रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोप्पी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में एफआईआर संख्या 17/2026 धारा 109(1)/126(1)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

एसएसपी के निर्देशानुसार एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 20 फरवरी 2026 को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि वादिनी के पति लवप्रीत के मित्र हरभजन की रंजीत सिंह से पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना की रात आरोपियों को बुलाकर विवाद हुआ, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट के दौरान फायरिंग की गई।

अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रंजीत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *