Headlines

Bihar: किशनगंज में निगरानी की बड़ी कार्रवाई में 10 लाख की मांग करने वाली प्रभारी डीपीओ 50 हजार की घूस लेते किया गिरफ्तार, आवास से 4 लाख से अधिक नकद बरामद

Bihar: किशनगंज में निगरानी की बड़ी कार्रवाई में 10 लाख की मांग करने वाली प्रभारी डीपीओ 50 हजार की घूस लेते किया गिरफ्तार, आवास से 4 लाख से अधिक नकद बरामद
शेयर करे-

Bihar: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बिहार विशेष निगरानी इकाई की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी से जुड़े पद पर कार्यरत प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई डुमरिया भट्टा रोड स्थित उनके किराए के आवास पर की गई, जहां तलाशी के दौरान चार लाख रुपये से अधिक नकद भी बरामद हुए।

जानकारी के अनुसार, कोचाधामन के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार ने प्रभारी डीपीओ पर पोठिया प्रखंड में सीडीपीओ का प्रभार दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में 18 फरवरी को निगरानी विभाग में कांड संख्या 8/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम ने जाल बिछाया।

डीएसपी लव कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम, जिसमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं, गुरुवार देर रात पटना से किशनगंज पहुंची। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे डुमरिया भट्टा पेट्रोल पंप के समीप, टाउन थाना से लगभग 500 मीटर दूर स्थित आवास पर छापेमारी की गई। इसी दौरान 50 हजार रुपये की घूस राशि लेते हुए प्रभारी डीपीओ को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान अलमारी से चार लाख रुपये से अधिक नकद बरामद हुआ। बरामद राशि के स्रोत की जांच की जा रही है। जांच के दौरान एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसमें कथित रूप से रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई है।

डीएसपी लव कुमार ने बताया कि शिकायत का विधिवत सत्यापन कराया गया था और आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ जारी है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग ने साफ संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *