Headlines

Bihar: बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन, बीजेपी के सम्राट चौधरी आज संभालेंगे बिहार की कमान, पहली बार पार्टी से बनेगा मुख्यमंत्री

Bihar: बिहार की राजनीति में ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन, बीजेपी के सम्राट चौधरी आज संभालेंगे बिहार की कमान, पहली बार पार्टी से बनेगा मुख्यमंत्री
शेयर करे-

Bihar: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी बुधवार सुबह 10:50 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह पहला मौका होगा जब बिहार में बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद संभालेगा।

इस राजनीतिक बदलाव की शुरुआत मंगलवार को हुई, जब लंबे समय से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया, जिसके बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।

नीतीश कुमार पिछले लगभग 20 वर्षों से बिहार की सत्ता की कमान संभाल रहे थे और राज्य की राजनीति में उनका वर्चस्व कायम रहा। उनके इस्तीफे के साथ ही अब सत्ता की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी के कंधों पर आ गई है।

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी लंबा और अनुभवपूर्ण रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1990 में की थी। वर्ष 1999 में वह राबड़ी देवी सरकार में कृषि मंत्री बने, हालांकि उस समय सदन का सदस्य न होने और कम उम्र के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद 2014 में उन्होंने नीतीश सरकार में शहरी विकास और आवास मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बढ़ती रही और 2021 में उन्हें पंचायती राज मंत्री बनाया गया। वर्ष 2024 में एनडीए सरकार में उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई। अब वह बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नई भूमिका में नजर आएंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में नई रणनीतियों और नीतियों के साथ विकास को नई दिशा मिल सकती है। वहीं, बीजेपी के लिए भी यह एक बड़ा राजनीतिक पड़ाव माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *