Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस का नशा माफिया पर करारा वार, 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Haldwani: नैनीताल पुलिस का नशा माफिया पर करारा वार, 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 66 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में स्मैक, नगदी और उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी में 221 ग्राम स्मैक के अलावा ₹14,520 की नगदी, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन शामिल है, जो नशे के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 1500 रुपये का पुरस्कार भी दिया गया है।

इसके अलावा, हल्द्वानी और वनभूलपुरा क्षेत्रों में भी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र से गुलशन (28 वर्ष) को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया, जबकि वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। मेराज अली के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और ऐसे तत्वों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *