Rudrapur: ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर से दिल्ली जा रहे दो कर्मचारियों से चलती ट्रेन में हथियारों के बल पर 7 लाख रुपए लूटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह वारदात यूपी के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां बदमाश ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कूदकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली से ऑटोमोबाइल का सामान खरीदने के लिए संपर्क क्रांति ट्रेन से रवाना हुए थे। बुधवार सुबह दोनों रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे।
बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारियों के पास करीब 7 लाख रुपए नकद थे, जिन्हें उन्होंने बेल्ट में बांधकर कमर पर सुरक्षित रखा था। आशंका है कि बदमाशों को पहले ही इस रकम की जानकारी मिल चुकी थी। इसी वजह से तीन संदिग्ध बदमाश भी उसी ट्रेन में सवार हो गए और पूरे सफर के दौरान दोनों कर्मचारियों पर नजर बनाए रखी।
जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और उसकी रफ्तार धीमी हुई, बदमाशों ने अचानक दोनों कर्मचारियों को घेर लिया। उन्होंने तमंचा और पिस्टल तानकर कर्मचारियों को डराया और 7 लाख रुपए लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तीनों आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने अधिकारियों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा से मुलाकात की। व्यापारियों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की वारदातें व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से रेलवे और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
