Haldwani: शहर में फल-फूल रहे अवैध गैस रिफिलिंग कारोबार पर पूर्ति विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नंबर 8 में एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम ने यहां छापा मारकर घरेलू गैस सिलेंडरों से टेंपो में गैस भरते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि रेहान नामक युवक अपने घर के भीतर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर रहा था। विभाग को मिली शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर दबिश दी। अधिकारी के अनुसार, रेहान पहले भी ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाया गया था और उसके खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज किया जा चुका है।
इस बार फिर दोबारा वही खतरनाक काम करते पकड़े जाने पर पूर्ति विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह के मामलों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि अवैध गैस रिफिलिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे रिहायशी इलाकों में बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है, जिससे आम जनता की जान और संपत्ति को गंभीर खतरा हो सकता है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
