Haldwani: कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में सिंचाई, पेयजल एवं विद्युत उत्पादन के लिए निर्मित की जा रही जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में परियोजना की प्रगति, समयबद्धता तथा गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही नदी के जल के डायवर्जन हेतु दो कौफर डैम के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल निर्माण एवं कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा और स्थायी बांध के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
महाप्रबंधक ने यह भी जानकारी दी कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना का समस्त निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलेगा।
बैठक में जमरानी बांध परियोजना के अंतर्गत कैनाल निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में हरिपुर फीडर एवं पाहवा फीडर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर कुमाऊं आयुक्त ने निर्देश दिए कि हल्द्वानी शहर क्षेत्र में जमरानी कैनाल की फीडर को कवर करने के लिए आवश्यक कार्य सुनिश्चित किए जाएं, ताकि शहरी क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त कुमाऊं आयुक्त ने परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा स्थित पराग फार्म में निर्मित की जा रही आवासीय कॉलोनी के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
समीक्षा बैठक में सहायक निदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग राजन तिवारी, उप महाप्रबंधक जमरानी बांध बी.बी. पांडे सहित परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
