Headlines

Haldwani: काठगोदाम में 4 लाख की चरस संग तस्कर गिरफ्तार, ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान में पुलिस-एसओजी की बड़ी कार्रवाई

Haldwani: काठगोदाम में 4 लाख की चरस संग तस्कर गिरफ्तार, ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान में पुलिस-एसओजी की बड़ी कार्रवाई
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख रुपये कीमत की 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना काठगोदाम पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।

12 मई 2026 को दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित जगन्नाथ कॉलोनी में विजन फ्यूचर कोचिंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय नारायण दास निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, काठगोदाम को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम सिमलिया, तहसील मिलक जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में थाना काठगोदाम में एफआईआर नंबर 63/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गमले बेचने का कार्य करता है और मजदूरी व खेती-बाड़ी का काम भी करता है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद चरस उसे एक परिचित व्यक्ति ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में भी थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, कांस्टेबल टीका राम, एसओजी के कांस्टेबल अशोक रावत और कांस्टेबल भानु प्रताप शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *