Headlines

Haldwani: डीएम वंदना के निर्देश पर नवरात्र से दमुवाढुंगा सर्वे शुरू, मालिकाना हक को लेकर स्थानीयों में उत्साह

Haldwani: डीएम वंदना के निर्देश पर नवरात्र से दमुवाढुंगा सर्वे शुरू, मालिकाना हक को लेकर स्थानीयों में उत्साह
शेयर करे-

Haldwani: दमुवाढुंगा क्षेत्र के प्रारंभिक सर्वे का कार्य नवरात्र से शुरू होगा। शनिवार को कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने दमुवाढुंगा के स्थानीय लोगों संग जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की। बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वे कार्य की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नवरात्र से क्षेत्र में सर्वे की शुरुआत हो और इसके लिए स्थानीय लोगों की वार्डवार टीमें बनाई जाएं। सर्वे के दौरान क्षेत्र में पिलर लगाने और कैम्प कार्यालय स्थापित करने की बात भी कही गई। उन्होंने बताया कि अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीवर जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी और इस कार्य में स्थानीय सहमति भी ली जाएगी।

गौरतलब है कि बेनाप लैंड पर बसे दमुवाढुंगा को रेवेन्यू एरिया घोषित करने का रास्ता साफ हो गया है। विधायक बंशीधर भगत ने बताया कि वे लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत थे। करीब 40 हजार की आबादी वाला यह क्षेत्र नगर निगम के 35, 36 और 37 वार्ड में शामिल है, जहां लोग वर्षों से मालिकाना हक की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा DGPS तकनीक से सर्वे कराने के फैसले के बाद लोगों में उत्साह का माहौल है। इस फैसले से लोगों को घरों और जमीनों पर मालिकाना हक मिलेगा और विकास कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

बैठक में उपजिलाधिकारी राहुल शाह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *