Haldwani: हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास हुई लूट की घटना का नैनीताल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए लिफाफा गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गैंग का सरगना भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
01 जुलाई 2025 को पीलीभीत निवासी छेदा लाल ने हल्द्वानी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात वाहन चालक और उसके साथियों ने कार (संख्या UP32LN 2205) में बैठाकर उनके साथ लूटपाट की है। इस शिकायत पर थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 208/2025 धारा 309(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाश चंद्र और क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में, कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की और 01 जुलाई को मुक्त विश्वविद्यालय के पास जंगल से तीनों आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गैंग लीडर राम कृपाल (39 वर्ष), संतराम (28 वर्ष), और श्रीनाथ उर्फ चीराम (66 वर्ष), सभी निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹6,740 नकद, कपड़ों से भरा बैग, वारदात में प्रयुक्त कार और कुछ लिफाफे बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सीधे-साधे लोगों को पहले अपनी गाड़ी में बैठाते हैं, फिर चेकिंग का डर दिखाकर उनसे पैसे लिफाफे में डालने को कहते हैं। इसके बाद असली लिफाफा बदलकर उन्हें ठगते हैं और मौका मिलते ही एकांत जगह पर उतार देते हैं। इस घटना में जब वादी उनके झांसे में नहीं आया तो आरोपियों ने जबरन उसका बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस टीम में महेन्द्र प्रसाद, भूपेन्द्र सिंह मेहता, संजीत राठौर, जितेन्द्र बुराठोकी, महेन्द्र सिंह, अनिल जौहरी, अनिल गिरी, सन्तोष विष्ट, धीरेन्द्र अधिकारी, मंतोष, किशोर रौतेला और सभीम आजम शामिल रहे। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा टीम को ₹2,500 इनाम देने की घोषणा की गई है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


