Lalkuan: क्षेत्र के हल्दुचौड़ स्थित एक बंद मकान में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शामिल है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 16 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
घटना 18 जून को सामने आई थी जब बमेठा बंगर निवासी गीता जोशी ने कोतवाली लालकुआँ में तहरीर दी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में धारा 305(1)/331(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच उपनिरीक्षक शंकर नयाल को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देशन में, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया और 30 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के बाद 1 जुलाई को हल्दुचौड़ क्षेत्र में चोरी का सामान बेचने की फिराक में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाहिद खान निवासी अलीखा मोहल्ला, हाथा, काशीपुर तथा नूरुद्दीन निवासी कूचबिहार, काशीपुर के रूप में हुई है। नाहिद खान एक शातिर और कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 16 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान दोनों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, एक देशी तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा इस सफल गिरफ्तारी पर टीम को ₹2,500 की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शंकर नयाल सहित छह पुलिसकर्मी शामिल थे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

