Haldwani: डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में एक अत्यंत जटिल न्यूरो सर्जरी सफलतापूर्वक की गई, जिससे रानीखेत निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र नेगी को दो वर्षों की शारीरिक पीड़ा से मुक्ति मिली है। मरीज को चलने में कठिनाई, चक्कर और हाथ-पैरों में जकड़न की शिकायत थी, जिसके बाद न्यूरो सर्जन डॉ. अभिषेक राज ने उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी।
डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में मरीज को एटलांटो-एक्सियल डिसलोकेशन विद बेसिलर इनवेजिनेशन नामक जटिल स्थिति से पीड़ित पाया गया। यह एक दुर्लभ अवस्था होती है जिसमें गर्दन की हड्डियां अपनी सामान्य स्थिति से हटकर मस्तिष्क में दबाव डालने लगती हैं। डॉ. अभिषेक राज के नेतृत्व में टीम ने यह जोखिम भरा ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। ऑपरेशन के बाद मरीज न केवल चलने-फिरने में सक्षम है, बल्कि उसे स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।
डॉ. अभिषेक ने बताया कि यह ऑपरेशन आमतौर पर दिल्ली, लखनऊ और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में ही संभव होता है, और निजी अस्पतालों में इसकी लागत 4 से 5 लाख रुपये तक आती है। लेकिन सुशीला तिवारी चिकित्सालय में यह उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क किया गया।
ऑपरेशन में डॉ. अमित देवल, एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. सिन्हा और नर्सिंग स्टाफ का भी अहम योगदान रहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने सफल ऑपरेशन पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी से अब हल्द्वानी में ही जटिल सर्जरी संभव हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारक भर्ती रोगियों को ऑपरेशन, दवाइयां और इलाज पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मरीज और उनके परिजन अत्यंत लाभान्वित हो रहे हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

