Haldwani: जिलाधिकारी वंदना ने गुरुवार को शहरभर में चल रहे विभिन्न विकास एवं सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देवखड़ी नाले में वायर क्रेट चेक डैम निर्माण, चौपुला नहर कवरिंग, रकसिया नाले के चैनलाइजेशन, जीजीआईसी में आधुनिक लाइब्रेरी निर्माण, फायर सेफ्टी कार्यालय के पास नहर बैरिकेटिंग, गौलापुल और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम क्षेत्र में भूकटाव रोकथाम संबंधी कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चौपुला नहर कवरिंग कार्य के निरीक्षण में सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाते हुए तुरंत व्यू कटर लगाने और मलबा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
देवखड़ी नाले के निरीक्षण में डीएम ने मानसून के दृष्टिगत दो जेसीबी तैनात करने और नाले की पुरानी सुरक्षा दीवार के मानसून बाद पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। बताया गया कि यहां 8 चेक डैम का कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष 5 कार्य शीघ्र पूर्ण होंगे।
रकसिया नाले पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव रोकने के लिए नीची ऊंचाई वाले पुलों की डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही नाले में कूड़ा डालने वालों की पहचान कर चालान करने और बचा हुआ मलबा जल्द चैनलाइज करने के निर्देश भी दिए।
जीजीआईसी में बन रही आधुनिक लाइब्रेरी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रमुख केंद्र बताते हुए डीएम ने गुणवत्ता व समयबद्ध निर्माण पर जोर दिया। साथ ही खंडहर भवनों के ध्वस्तीकरण और विद्यालय के बाहर पार्किंग निर्माण को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी व नगर आयुक्त को निर्देशित किया।
सुशीला तिवारी तीनपानी बाईपास पर नहर में चल रहे धीमे क्रेस बैरियर कार्य की गति तेज करने व फायर कार्यालय पास सड़क चौड़ीकरण पर भी आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद गौलापुल और स्टेडियम क्षेत्र में भूकटाव रोकथाम कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने सुरक्षात्मक निर्माणों में श्रमिकों व मशीनरी की संख्या बढ़ाने को कहा। गौलापुल के नीचे बने ब्लॉकों को तकनीकी रूप से जोड़ने की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान वनाधिकारी डी. नायक, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी राहुल साह, सिंचाई, लोनिवि, यूयूएसडीए, ब्रिडकुल, एनएचएआई के अधिकारी और पार्षदगण उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

