Haldwani: हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के गेटेड कैंपस में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 14 जुलाई की रात करीब दो बजे तीन नकाबपोश चोर मेडिकल कॉलेज परिसर में घुसे और एक ही बिल्डिंग में कई डॉक्टरों के बंद फ्लैटों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, तीनों चोर पहले दबे पांव बिल्डिंग में पहुंचे और बंद पड़े फ्लैटों की रेकी की। इसके बाद उन्होंने सामने वाले फ्लैट का कुंडा बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। फिर दूसरे फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां से जेवरात, नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि चोर चोरी का सामान डॉक्टर की पत्नी के पर्स में रखकर अपने साथ ले गए।
घटना के बाद पीड़ित डॉक्टरों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वारदात के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। गेटेड कैंपस होने के बावजूद चोर परिसर में कैसे दाखिल हुए और इतनी देर तक वारदात को अंजाम देकर फरार कैसे हो गए, इसे लेकर सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खास बात यह है कि मेडिकल कॉलेज कैंपस में पुलिस चौकी भी मौजूद है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर कई घरों को निशाना बना दिया।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
