Haldwani: हल्द्वानी के आवास विकास स्थित सुभाष नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने 26.98 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मार्ग निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) से स्वीकृत यह परियोजना वार्ड संख्या-6 के अंतर्गत संचालित की जाएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उनकी पूज्यनीय माताजी स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने अपना संपूर्ण जीवन हल्द्वानी के विकास और जनसेवा को समर्पित किया था। उनके आदर्शों और विकासवादी सोच को आगे बढ़ाते हुए वे शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि सुभाष नगर, आवास विकास क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। विधायक ने कहा कि सड़क, पेयजल, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास को उनकी प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक सुमित हृदयेश का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वार्ड-6 के पार्षद पंकज त्रिपाठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
