Haldwani: हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को मंज़ूरी दी गई। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम कार्यालय का विस्तार किया जाएगा। साथ ही निगम में शामिल नए वार्डों के लिए कर जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की गई।
बैठक में पार्षदों द्वारा प्रस्तुत तीन विशेष प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सहमति बनी। नव सम्मिलित क्षेत्रों में व्यवसायिक भवनों पर कर जमा करने की तिथि 31 दिसंबर तक बढ़ाई गई। निगम कार्यालय के विस्तार के लिए 6.94 करोड़ रुपये तथा एसटीपी प्लांट से पाइपलाइन डालने के लिए 1.10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
निगम की दुकानों के प्रथम तल का आवंटन, कृष्णा कत्था फैक्ट्री में कैंप कार्यालय बनाना और वहाँ रह रहे लोगों को अन्यत्र बसाने का प्रस्ताव पास किया गया। एसडीएम कार्यालय के नमो भवन में शिफ्ट होने के बाद परिसर को नगर निगम को हस्तांतरित करने पर भी सहमति बनी। नगर निगम की दुकानों के किराए में छूट हेतु दो माह की वृद्धि और दुकानों के अनुबंध व नवीनीकरण के फैसले भी लिए गए।
खोड़े वाले स्थान पर आधुनिक मीट मार्केट, मंगल पड़ाव में वेन्डिंग ज़ोन, वर्कशॉप लाइन में दुकान निर्माण, छतरी चौराहे पर पुस्तकालय, बरेली रोड नवीन मंडी के सामने दुकान निर्माण जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। ई-वाहनों के लिए तीन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन, शनि बाजार स्टेशन पर चबूतरा निर्माण, कटघरिया चौराहे पर दुकान एवं लेबर शेड निर्माण की सहमति दी गई।
निगम प्रमाणपत्रों के लिए यूजर चार्ज रसीद अनिवार्य करने, बायोमेट्रिक से 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने, जजेज़ कोर्ट के पास आंचल मिल्क कैफ़े निर्माण, कैनाल रोड का नाम जगत सिंह पागंती रखने, निगम कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड बनाने और पार्षदों के शैक्षिक भ्रमण से जुड़े प्रस्ताव भी पारित हुए।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित नगर स्वास्थ्य अधिकारी, लेखाधिकारी, कर अधीक्षक और कुल 43 पार्षद उपस्थित रहे। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने सभी पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


Chief Editor, Aaj Khabar
